नरसिंहपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय के सामने एक चाट-फुल्की विक्रेता द्वारा महिला, उसके पति और दो मासूम बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामूली बात पर दुकानदार ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। पीड़ित महिला के अनुसार, वह अपने पति और दो छोटे बच्चों के साथ न्यायालय के सामने स्थित चाट की दुकान पर समोसा और चाट-फुल्की खाने गई थी। परिवार ने भोजन करने के बाद दुकानदार को पूरे पैसे भी दे दिए थे। इसी दौरान छोटे बच्चों में से एक ने दुकान के पास शौच कर दिया, जिससे दुकानदार कथित रूप से भड़क गया।







