दीपक रजक बने मुख्य यजमान, श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसादी के साथ हुआ धार्मिक आयोजन सम्पन्न
गुंदरई | THE TOPLINE
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर स्थानीय ग्राम पंचायत गुंदरई में श्रीराम भक्तों द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। भगवान शिव एवं प्रभु श्रीराम की आराधना को समर्पित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान दीपक रजक एवं उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा श्रीराम दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती के साथ हुई। इसके पश्चात संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया। मधुर दोहों, चौपाइयों एवं भजनों की प्रस्तुति के बीच पूरे आयोजन स्थल पर “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद श्रीराम दरबार की महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन में बाहर से आमंत्रित सुंदरकांड मंडली एवं संगीत कलाकारों का तिलक-रोली लगाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताया।






