स्टे तार में फैले करंट की चपेट में आने से भैंस की अकाल मौत GOTEGAON

स्टे तार में फैले करंट की चपेट में आने से भैंस की अकाल मौत GOTEGAON

विद्युत ट्रांसफार्मर के समीप चर रही थी दुधारू भैंस, करंट लगने से मौके पर ही मौत

GOTEGAON। स्थानीय आंखीवाड़ा पंचायत के अंतर्गत कमोद चरगंवा निवासी प्रदीप आ. देवी सिंह पटेल द्वारा थाना गोटेगांव में दी गई लिखित सूचना के अनुसार उनकी पालतू दुधारू भैंस की करंट की चपेट में आने से अकाल मौत हो गई।

बताया गया कि रोजाना की तरह बीते रविवार को उनकी दुधारू भैंस गांव स्थित मंदिर के पास घरेलू विद्युत ट्रांसफार्मर के समीप चारा-घास चर रही थी। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से जुड़े स्टे तार में फैले करंट की चपेट में भैंस आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी पशुपालक द्वारा तत्काल गोटेगांव स्थित निकटतम पशु चिकित्सालय को दी गई। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया गया।

पशुपालक के अनुसार मृत दुधारू भैंस की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये थी। घटना के बाद पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं इस घटना ने विद्युत व्यवस्था और ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top