तिरंगा यात्रा, नशा मुक्ति अभियान और रानी अवंतीबाई शौर्य यात्रा में जनसहभागिता का आह्वान
GOTEGAON। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “युवा शक्ति–राष्ट्र शक्ति” के संदेश के साथ गोटेगांव के नवयुवाओं द्वारा स्वदेशी नशा मुक्ति पदयात्रा के प्रथम चरण का आयोजन 9 अगस्त, रविवार को किया जाएगा। पदयात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, गोटेगांव से होगा।
आयोजकों के अनुसार दीदी फलित सिंह लोधी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवा, छात्र-छात्राएं तथा सामाजिक कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा गोटेगांव नगर से होते हुए ब्रह्मकुंड घाट स्थित नर्मदा तट पहुंचेगी। यहां मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद उपस्थित नागरिकों एवं ग्रामीणजनों को नशे से होने वाली सामाजिक, पारिवारिक एवं राष्ट्रीय क्षति के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा।
बैठक में पदयात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा
पदयात्रा की तैयारियों एवं सफल संचालन को लेकर 7 अगस्त, शुक्रवार को एसआरजी कार्यालय, गोटेगांव में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में पूर्व राज्य मंत्री मध्यप्रदेश शासन जालम सिंह पटेल (मुन्ना भैया), विधायक महेंद्र नागेश, पूर्व विधायक हाकम सिंह चद्दर एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं के इस जनजागरण अभियान की सराहना करते हुए इसे सफल बनाने के लिए सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
जालम सिंह पटेल ने बताया समय की आवश्यकता
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल (मुन्ना भैया) ने कहा कि नशा मुक्ति के विरुद्ध युवाओं का यह अभियान अत्यंत प्रेरणादायी होने के साथ समय की आवश्यकता भी है। उन्होंने कहा कि यदि देश का युवा समाज उत्थान और राष्ट्र जागरण के लिए संगठित होकर आगे बढ़ता है तथा स्वयं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखता है, तो यह राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
वहीं विधायक महेंद्र नागेश ने अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से पदयात्रा में शामिल होने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा, सैनिक स्कूल में होगा ध्वजारोहण
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही मणि नागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल में ध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा।
16 अगस्त को गोटेगांव से बरगी तक निकलेगी वाहन यात्रा
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 16 अगस्त को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती को ऊर्जा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर गोटेगांव से बरगी तक वाहन यात्रा निकाली जाएगी।
आयोजकों के अनुसार इस यात्रा में लोधी-लोधा-लोधी क्षत्रिय समाज के साथ सर्वसमाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करने के साथ राष्ट्र जागरण और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
युवाओं और नागरिकों से सहभागिता की अपील
आयोजकों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं सर्वसमाज के नागरिकों से 9 अगस्त की नशा मुक्ति पदयात्रा सहित आगामी तिरंगा यात्रा एवं रानी अवंतीबाई शौर्य यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।






