अगस्त माह समाप्त होने को, अब तक कोटा आवंटित नहीं होने से राशन के लिए परेशान पात्र हितग्राही
GOTEGAON/कमोद
सांकल मार्ग स्थित ग्राम पंचायत कमोद में संचालित शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान पर अगस्त माह का कोटा अब तक आवंटित नहीं होने के कारण कमोद सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के पात्र हितग्राहियों के बीच खाद्य सामग्री को लेकर परेशानी बनी हुई है। राशन का कोटा आवंटित नहीं होने से पात्र कार्डधारकों में असमंजस की स्थिति है और वे जल्द से जल्द राशन वितरण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
अगस्त माह समाप्त होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में अभी तक राशन दुकान पर खाद्य सामग्री वितरण के लिए कोटा आवंटित नहीं होने से हितग्राहियों के सामने यह सवाल खड़ा है कि उन्हें आखिर राशन कब तक मिल पाएगा। वहीं रक्षाबंधन का त्योहार भी नजदीक है, जिसके चलते ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को शासन की खाद्य सुरक्षा योजना के तहत समय पर राशन मिलना आवश्यक है। सेवा सहकारी समिति द्वारा समय रहते कोटा आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर खाद्य सामग्री का वितरण कराया जाना चाहिए, ताकि हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में कमोद, सरेलू टोला, कमोदी, रहली सहित आसपास के सुदूर ग्रामीण अंचलों के पात्र कार्डधारकों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह से मांग की है कि कमोद पंचायत स्थित शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान पर कोटा आवंटन के संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द राशन दुकान का कोटा आवंटित कर खाद्य सामग्री का वितरण शुरू कराया जाए, ताकि राशन की समस्या से जूझ रहे सभी पात्र कार्डधारकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।






