शिव महाअभिषेक, पूजा-अर्चना और महाआरती में उमड़े श्रद्धालु, पूरे श्रावण मास चलेगा विशेष अनुष्ठान
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर सांकल मार्ग स्थित ग्राम पंचायत कमोद के श्री देव जगन्नाथ मंदिर में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना एवं शिव महाअभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मंदिर के पुजारी विनय मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान चौधरी विष्णु सिंह मालगुजार की सुपुत्री देवी श्रृंग्वेदा पटेल ने प्राचीन बाबा विश्वनाथ की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर विधिवत शिव महाअभिषेक किया। इसके बाद भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्पमालाएं एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई।
श्रद्धालुओं ने श्री देव जगन्नाथ मंदिर के साथ ही परिसर स्थित प्राचीन बड़ा शिव मंदिर में भी भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आए।
मंदिर के पुजारी विनय मिश्रा ने बताया कि श्रावण मास का पहला सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। इस दिन व्रत, जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है, मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा पापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि पूरे श्रावण मास में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम निरंतर जारी रहेगा।






