अन्वी महाजन की विस्फोटक बल्लेबाजी से फाइनल में चाणक्य स्ट्राइकर्स पर शानदार जीत, महिला सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को मिला नया मंच
नरसिंहपुर। नमामि वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित Women’s Premier League (WPL) Season-1 का भव्य समापन समारोह उत्साह, रोमांच और सम्मान के साथ संपन्न हुआ। लगभग एक सप्ताह तक चले इस महिला क्रिकेट महाकुंभ में जिले की विभिन्न महिला टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा जिले में महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाना रहा।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सुमनलता पटेल, श्रीमती संध्या कोठारी, श्रीमती माया राजपूत, इंजीनियर निशा सोनी, जिला खेल अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, श्रीमती संध्या साहू, श्रीमती माधुरी पटेल, श्रीमती लक्ष्मी श्रीवास्तव, श्रीमती मंजुलता पटेल, श्रीमती राजेश्वरी लोधी, लक्ष्मण सिंह राजपूत, रोशन सिंह राजपूत, सुनीता राजपूत, शिवकुमार रैकवार, डॉ. बृजेश पटेल एवं चाणक्य स्कूल के डायरेक्टर राजेन्द्र राजपूत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आयोजक समिति द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
फाइनल दिवस पर तीसरे स्थान के मुकाबले में ममता टाइटंस ने सियाल सुपर क्वींस को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद खेले गए रोमांचक फाइनल में चाणक्य स्ट्राइकर्स ने 5 ओवर में 60 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सहकार टाइगर्स ने मात्र 3 ओवर में मुकाबला जीतकर WPL सीजन-1 की पहली चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।फाइनल की स्टार खिलाड़ी अन्वी महाजन रहीं, जिन्होंने केवल 12 गेंदों में नाबाद 46 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। वहीं निधि नोरिया ने 6 गेंदों में 12 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।समापन समारोह में सभी प्रतिभागी टीमों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए। विजेता, उपविजेता, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं सम्मान-चिह्न से सम्मानित किया गया। साथ ही पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
प्रमुख पुरस्कार विजेता
- प्लेयर ऑफ द सीरीज: अन्वी महाजन (सहकार टाइगर्स)
- बेस्ट बैटर: शिवानी धुर्वे (चाणक्य स्ट्राइकर्स)
- बेस्ट बॉलर: मीना यादव (चाणक्य स्ट्राइकर्स)
- बेस्ट फील्डर: काजल वर्मा (चावरा चैलेंजर्स)
- बेस्ट विकेटकीपर: प्रगति तिवारी (सियाल सुपर क्वींस)
- इमर्जिंग प्लेयर: नेहा वंशकार (ममता टाइटंस)
- ओल्डेस्ट प्लेयर: श्रीमती सुमन शर्मा (काया सुपर वूमेन्स)
- एंटरटेनिंग प्लेयर: रक्षा पालीवाल (सोशल स्पार्क)
- एनर्जेटिक प्लेयर: निशा मिश्रा (सहकार टाइगर्स)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल महिलाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। नियमित खेल गतिविधियां महिलाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का समान अवसर प्रदान करते हैं और समाज में महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश देते हैं।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन प्राची शर्मा ने किया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मनीष कटारे एवं पंकज नेमा का विशेष योगदान रहा। आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा एवं संचालन नमामि वेलफेयर फाउंडेशन के डायरेक्टर अर्पित सक्सेना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वहीं काया इंटरनेशनल योगा सेंटर की डायरेक्टर एवं काया सुपरस्टार टीम की कप्तान इंदु सिंह ने आयोजन समिति के सदस्यों एवं डायरेक्टर अर्पित सक्सेना को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए।
आयोजन समिति में सचिव प्रगति तिवारी, सह सचिव काजल वर्मा, कोषाध्यक्ष करुणा मिश्रा, सह कोषाध्यक्ष मीना यादव, मीडिया प्रभारी वंदना यादव, पंजीयन प्रभारी जीजी बाई लोधी सहित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने अंत में सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि Women’s Premier League का अगला संस्करण और अधिक भव्य, व्यापक एवं प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।






