सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह, शिक्षा और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र व स्वयंसेवक हुए सम्मानित
गाडरवारा। सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था उपाय गाडरवारा ने अपना 7वाँ स्थापना दिवस 26 जुलाई 2026 को उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। कार्यक्रम में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और संस्था की उपलब्धियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी गाडरवारा के जीएम (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) श्री राधेश्याम मौर्य रहे। उनके साथ एनटीपीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी, अवनी महिला मंडल की महासचिव, लेबर यूनियन के सदस्य, संस्था के वरिष्ठ सदस्य, पालक, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में उपाय के बच्चे और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने नृत्य, समूह गीत और प्रेरणादायक नाटकों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहना की।
इस अवसर पर संस्था द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छात्रों और स्वयंसेवकों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों और स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 6 वर्षों में उपाय गाडरवारा ने 500 से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। संस्था ने एनटीपीसी गाडरवारा के सहयोग से कंप्यूटर शिक्षा एवं सिलाई प्रशिक्षण जैसी कौशल विकास योजनाओं का भी सफल संचालन किया है, जिससे अनेक बच्चों और युवाओं को लाभ मिला है।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री राधेश्याम मौर्य ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में उपाय का योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज के सहयोग से ऐसे प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
रिपोर्टर : अंकित शुक्ला






