सांसद चौधरी दर्शन सिंह पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में विधायक विश्वनाथ पटेल ने कराया एफआईआर दर्ज कराने का ज्ञापन Viashwanath Patel

सांसद चौधरी Viashwanath Patel

तेंदूखेड़ा में कार्यकर्ताओं के साथ एसडीओपी कार्यालय पहुंचे विधायक, बोले— लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन भाषा मर्यादित होनी चाहिए।

तेंदूखेड़ा नर्मदापुरम-नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद चौधरी दर्शन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल (मुलायम भैया) ने सोमवार को अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले शैलेंद्र राजपूत के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।

विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और विचार व्यक्त करने का पूरा अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति, विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों के प्रति अभद्र, अपमानजनक अथवा अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि सांसद चौधरी दर्शन सिंह के प्रति सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के भी विरुद्ध है। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि मतभेद विचारों से हो सकते हैं, लेकिन भाषा हमेशा मर्यादित और सम्मानजनक होनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विधायक के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

Scroll to Top