पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के सानिध्य में हुआ शुभारंभ, 10 किमी की पदयात्रा में हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा
GOTEGAON– युवाओं को नशे से दूर रखने, उनमें सकारात्मक चेतना का संचार करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनकी ऊर्जा एवं प्रतिभा को समर्पित करने के उद्देश्य से शुरू की गई 100 दिवसीय युवा जागरण पदयात्रा का शुभारंभ रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, गोटेगांव से हुआ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के सानिध्य में प्रारंभ हुई पदयात्रा के प्रथम दिवस में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव के युवा खिलाड़ियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
श्रीमती फलित सिंह पटेल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर ब्रह्मकुंड घाट, नर्मदा तट पहुंचकर संपन्न हुई। बारिश के बीच भी युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवा साथियों ने नशा मुक्ति के उद्घोष के साथ नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने तथा स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पदयात्रा में सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव, ठाकुर निरंजन सिंह महाविद्यालय गोटेगांव, संदीपनी विद्यालय गोटेगांव, इंदिरा कन्या शाला गोटेगांव एवं रानी अवंती बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव सहित सहयोग क्रीड़ा मंडल के युवा खिलाड़ी तथा गोटेगांव क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने सहभागिता की।
“युवा जागृत होगा तो परिवार और समाज जागृत होगा”
पदयात्रा के प्रथम दिवस की सफलता पर श्रीमती फलित सिंह पटेल एवं सहयोग युवा समिति की ओर से पदयात्रा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं, युवा खिलाड़ियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सर्वसमाज के प्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के युवा साथियों तथा अभियान से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अपने आभार संदेश में श्रीमती फलित सिंह पटेल ने कहा कि समाज के बेहतर भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा शक्ति को नशे जैसी बुराई से दूर रखते हुए अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण में लगाना समय की आवश्यकता है। युवा जागृत होगा तो परिवार जागृत होगा, समाज जागृत होगा और राष्ट्र सशक्त बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल पैदल चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा चेतना, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरण का जन-अभियान है। 100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं एवं नागरिकों को नशा मुक्ति के संकल्प से जोड़ना और प्रत्येक ग्राम एवं क्षेत्र में सकारात्मक युवा चेतना का वातावरण निर्मित करना है।
बारिश के बीच भी नहीं डिगे युवाओं के कदम
सहयोग युवा समिति एवं पदयात्रा के आयोजकों ने कहा कि प्रथम दिवस में बारिश के बावजूद हजारों युवाओं का कदम से कदम मिलाकर चलना इस बात का प्रमाण है कि गोटेगांव की युवा शक्ति नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ खड़ी है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक से अभियान से जुड़ने तथा अपने-अपने ग्राम एवं क्षेत्र में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग करने का आग्रह किया। समिति ने कहा कि यह अभियान किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का अभियान है।
आशियाना संस्कार समिति ने बांटी जागरण कैप, भेंट किया बायो टॉयलेट
कार्यक्रम के दौरान आशियाना संस्कार समिति द्वारा पदयात्रियों को जागरण कैप वितरित की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बायो टॉयलेट भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन, गोटेगांव की ओर से भी अभियान में सहभागिता करने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
सहयोग युवा समिति एवं युवा जागरण पदयात्रा परिवार ने पदयात्रा के प्रथम दिवस को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले प्रत्येक नागरिक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
प्राप्त समाचार | न्यूज़ क्रांतिवीर






