शे के खिलाफ जंग में जनता बने पुलिस की ताकत: एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा ने जारी किया नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 7701052700
नरसिंहपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लच” के तहत गुरुवार शाम 4 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 7701052700 जारी किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने हेल्पलाइन नंबर का पोस्टर जारी करते हुए जिलेवासियों से अपील की कि वे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सप्लाई में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि “नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आमजन की सहभागिता सबसे बड़ी ताकत है।” इसी उद्देश्य से नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 7701052700 जारी किया गया है, जिस पर नागरिक फोन कॉल, व्हाट्सएप संदेश या सामान्य मैसेज के माध्यम से नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना दे सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल सत्यापन कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, भंडारण या सप्लाई में संलिप्त दिखाई दे तो बिना किसी डर या संकोच के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
जिला पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से इस जनहित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने की अपील की है।





